मुरादाबाद के गंगा आरोग्य धाम प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग केंद्र में बढ़ते साइबर अपराधों को लेकर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से युवतियों और बालिकाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग बनाना था। कार्यशाला में पुलिस प्रशासन की ओर से अनीता कुमारी और नेहा चौधरी ने भाग लिया। उन्होंने योग प्रशिक्षण ले रही बालिकाओं को साइबर क्राइम के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया, ऑनलाइन फ्रॉड, फेक कॉल और लिंक जैसे माध्यमों से किस प्रकार लोग ठगी का शिकार बनते हैं और उनसे कैसे बचा जा सकता है।

इस दौरान बालिकाओं को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई, जिनमें नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन, चाइल्डलाइन और एंबुलेंस सेवा शामिल हैं। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि किसी आपात स्थिति या परेशानी में खुद को सुरक्षित रखने के लिए क्या-क्या कदम उठाने चाहिए। यह कार्यक्रम ‘मिशन शक्ति’ के अंतर्गत आयोजित किया गया, जो महिलाओं को सशक्त और जागरूक बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन का एक सराहनीय प्रयास है। कार्यक्रम के अंत में गंगा आरोग्य धाम की संचालिका डॉ. महजबी परवीन ने अनीता कुमारी को शॉल एवं गौ पुराण भेंट कर सम्मानित किया। वहीं नेहा चौधरी को पटका और गौ निर्मित दीपक देकर उनका भी सम्मान किया गया।

इस अवसर पर गंगा चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव डॉ. विकास गुप्ता, श्री गोरखनाथ और स्वाति शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने साइबर क्राइम जैसे गंभीर विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
