लखनऊ ब्यूरो ::
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक बार फिर पोस्टर विवाद गर्मा गया है। यहां एक सोसायटी में एक साथ दो दर्जन से ज्यादा मकानों पर पोस्टर लगाकर मुस्लिम समाज को मकान ना खरीदने के लिए चेताया जा रहा है। मकानों पर लगे पोस्टरों में साफ लिखा गया है कि ये पूर्णतः हिंदू सनातनी सोसायटी है यहां अन्य समाज ( मुसलमान ) मकान ना खरीदें। एक साथ लगभग 30 से ज्यादा मकानों पर लगे पोस्टरों के बाद मुस्लिम समाज को साफ संदेश दिया जा रहा है कि यहां पर बिकने वाले मकानों को मुस्लिम समाज के लोग ना खरीदें जिससे कि आपसी सौहार्द बना रहे। कॉलोनी में रहने वाले निवासियों ने बताया कि यहां हिंदू समाज के लोग रहते हैं यहां पर कुछ लोग मकान बेच रहे हैं लेकिन उनके मकानों की कीमत ज्यादा है और अब उन मकानों को मुस्लिम समाज के लोग खरीदने के लिए चक्कर लगा रहे हैं। मुस्लिम खरीदारों से निवेदन भी किया जा चुका है यहां पर आप मकान ना खरीदें क्योंकि यहां धार्मिक अनुष्ठान होते हैं। क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मर्यादाओं का ध्यान रखें।
यहां निवास करने वाले राजेंद्र अग्रवाल का कहना है कि सोसायटी में रहने वाले एक दो मकान स्वामी अपने मकान बेच रहे हैं। जिन्हें दूसरे समुदाय ( मुसलमान ) के लोग खरीदने का प्रया कर रहे हैं। उन्हें रोकने और आपसी भाईचारा बना रहे इसका ध्यान रखना आवश्यक है।
तो वहीं कॉलोनी में रहने वाले इंद्रजीत गुलाटी ने कहा कि यदि मुस्लिम समाज के लोग इस सोसाइटी में मकान खरीदेंगे तो धार्मिक विवाद उत्पन्न होगा क्योंकि दोनों ही धर्मों की पूजा पद्धति अलग है। इसीलिए संदेश देने के लिए ये पोस्ट लगाये हुए हैं।
कॉलोनी निवासी नीरज अग्रवाल का कहना है कि ये श्री राम सोसाइटी लाजपत नगर है। यहां पर हिंदू समाज के लोग निवास करते हैं। कृपया अन्य पक्ष के लोग यहां मकान ना लें… यहां स्थित मंदिर में समय-समय पर धार्मिक कार्यक्रम एवं अनुष्ठान आयोजित होते रहते हैं, अतः क्षेत्र के सभी सम्मानित लोग क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक मर्यादाओं का ध्यान रखें।
कॉलोनी की ही रहने वाली सुरभि अग्रवाल ने पोस्टर लगाने को लेकर कहा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या की ओर अपना ध्यान आकर्षित करें जिससे शांति का वातावरण बना रहे आपसी भाईचारा कायम रहे।
