मुरादाबाद :: नगर निगम शहर के विकास और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है। नगर निगम की ओर से अमृत सरोवर योजना के तहत तालाबों के सौंदर्यीकरण और संरक्षण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इन सरोवरों के विकास से न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में पर्यावरण संतुलन और स्वच्छता में भी सुधार होगा।
नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्य भी प्रगति पर हैं। विशेष रूप से बुद्धि विहार क्षेत्र में सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा मानसरोवर क्षेत्र में भी सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, जो आगे रामलीला मैदान तक जोड़ा जाएगा। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी।
महापौर विनोद अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर निगम शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को जल्द से जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके,महापौर ने बताया कि सड़क, जल निकासी, पार्क और सार्वजनिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाना है। इसके लिए विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लगातार कार्य किए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने भी इन विकास कार्यों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में शहर की आधारभूत संरचना और मजबूत होगी।
