मुरादाबाद के राजेंद्र कुमार टंडन को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान, मुंबई में होंगे सम्मानित

दिल्ली ब्यूरो ::

मुरादाबाद। जनपद के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र कुमार टंडन को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए देश के प्रतिष्ठित ‘आफ्टर न्यूज अचीवर्स अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान आगामी 1 मई 2026 को नरीमन पॉइंट स्थित एस.बी. चौहान ऑडिटोरियम में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा।

समारोह में यह सम्मान जिष्णु देव वर्मा के करकमलों द्वारा राजेंद्र कुमार टंडन को प्रदान किया जाएगा, जिससे मुरादाबाद जनपद में हर्ष और गौरव का माहौल है। राजेंद्र कुमार टंडन लंबे समय से सामाजिक सेवा, जनकल्याण और मानवीय सहयोग के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनके द्वारा किए गए कार्यों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा गया है। यही कारण है कि उन्हें पूर्व में भी कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है।

हाल ही में 11 अप्रैल 2026 को भी उन्हें उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए आरिफ मोहम्मद खान द्वारा ‘हस्तिनापुर सम्मान’ से अलंकृत किया गया था। ‘आफ्टर न्यूज अचीवर्स अवार्ड’ के लिए राजेंद्र कुमार टंडन का चयन प्रसिद्ध समाजसेवी डॉ. वैदेही तामण ने देश के सर्वश्रेष्ठ सोशल वर्कर के रूप में किया है। इस उपलब्धि पर अखिल भारतीय साहित्य परिषद के प्रांतीय महासचिव डॉ. यतीन्द्र कटारिया विद्यालंकार ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल राजेंद्र कुमार टंडन की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे मुरादाबाद के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों के प्रति टंडन की निष्ठा, समर्पण और निरंतर सक्रियता उन्हें इस सम्मान का वास्तविक अधिकारी बनाती है।

गौरतलब है कि ‘आफ्टर न्यूज अचीवर्स अवार्ड’ जैसे प्रतिष्ठित मंच पर पूर्व में भी देश की कई नामचीन हस्तियों को सम्मानित किया जा चुका है, जिनमें आशा भोसले, बालासाहेब ठाकरे, शरद पवार, देवेंद्र फडणवीस तथा हृदयनाथ मंगेशकर जैसी विभूतियां शामिल हैं।
मुरादाबाद के लिए यह सम्मान इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि राष्ट्रीय स्तर पर सामाजिक सेवा के क्षेत्र में जिले का नाम एक बार फिर गौरवान्वित होने जा रहा है।

देश में वर्ष 2026 के दौरान सामाजिक कार्य और जनसेवा के क्षेत्र में जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को लगातार राष्ट्रीय मंचों पर पहचान मिल रही है, जिसे विशेषज्ञ समाज के लिए सकारात्मक संकेत मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *