मुरादाबाद नगर निगम सभागार टाउन हाल में नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत विशेष बैठक आयोजित की गई। भाजपा पार्षदों ने जहां महिला सशक्तीकरण को लेकर किए गए कार्यों का ब्योरा पेश किया, वहीं विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। दूसरी ओर, विपक्ष ने बैठक का बहिष्कार करते हुए इसे इवेंट मैनेजमेंट करार दिया और चर्चा के अभाव पर सवाल उठाए। इसमें भाजपा के लगभग 45 पार्षद शामिल हुए।

शुरुआत नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन और उसके विरोध को लेकर विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पेश करने से हुई। यह प्रस्ताव पार्षद रुचि चौधरी ने रखा, जिसका अनुमोदन कविता गुप्ता ने किया। इसके बाद सभापति महापौर विनोद अग्रवाल, उपनेता सदन सुरेंद्र विश्नोई, कार्यकारिणी उपाध्यक्ष शैलेंद्र सैनी और पूर्व उपाध्यक्ष गौरव गुप्ता समेत सभी उपस्थित पार्षदों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर दिया। निंदा प्रस्ताव पास करने के बाद सभी पार्षदों ने हस्ताक्षर किये। फिर राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री को भेजा गया।

महिला पार्षदों ने कहा कि विपक्ष ने उन महिलाओं का अपमान किया है, जो वर्षों से राजनीति की मुख्य मुख्य धारा में आने का सपना देख रही हैं। महिला पार्षदों द्वारा अपनी बात रखे जाने के बाद सदन के सभी सदस्यों ने विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया। भाजपा पार्षदों ने शहर में महिलाओं के लिए किए गए कार्यों को प्रमुखता से गिनाया।

पार्षद गीता शर्मा ने बताया कि नगर निगम द्वारा महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए शहर में 50 स्थानों पर पैनिक बटन लगाए गए हैं। इसके अलावा इंपीरियल तिराहे पर नारी शक्ति केंद्र की स्थापना की गई है और कई स्थानों पर पिंक टायलेट बनाए गए हैं। इसमें एक और महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया, जिसके तहत नगर निगम में उच्च एवं निम्न पदों पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को समय समय पर सम्मानित किया जाएगा।

