मुरादाबाद के बेटे डीपी सिंह (देव) ने मुंबई में बजाया डंका, ‘चक्कर चवन्नी का’ फ़िल्म को मिले दो बड़े अवॉर्ड

मुरादाबाद ::

मुंबई में आयोजित KCF के भव्य ‘लीजेंड दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड 2026’ समारोह में “चक्कर चवन्नी का” हिंदी फीचर फिल्म को दो प्रतिष्ठित अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह समारोह 4 मई को मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित रहेजा क्लासिक क्लब में आयोजित हुआ, जिसमें फिल्म जगत की कई नामचीन हस्तियां मौजूद रहीं। इस आयोजन का नेतृत्व डॉ. कृष्णा चौहान ने किया।

कॉमेडी से भरपूर इस हिंदी फीचर फिल्म ने अपनी दमदार प्रस्तुति और सशक्त कहानी के दम पर दर्शकों और ज्यूरी का दिल जीता। फिल्म को बेस्ट डायरेक्शन अवॉर्ड तथा बेस्ट राइटर अवॉर्ड से नवाजा गया। फिल्म के निर्देशक डी.पी. सिंह (देव) को उनके बेहतरीन निर्देशन के लिए सम्मानित किया गया, जबकि फिल्म की कहानी और लेखन के लिए डॉ. अरविंद दीक्षित को सराहा गया। यह उपलब्धि न केवल फिल्म की टीम के लिए बल्कि मुरादाबाद के लिए भी गौरव का विषय बनी है। फिल्म “चक्कर चवन्नी का” एक मनोरंजक कॉमेडी फिल्म है, जिसमें हास्य का तड़का और सामाजिक संदेश दोनों देखने को मिलते हैं।

अवॉर्ड समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा, म्यूजिक डायरेक्टर दिलीप सेन तथा कॉमेडियन सुनील पाल मौजूद रहे। सभी विजेताओं को इन हस्तियों की गरिमामयी मौजूदगी में सम्मानित किया गया। डी.पी. सिंह (देव) को मिला यह सम्मान मुरादाबाद के लिए विशेष उपलब्धि माना जा रहा है, जिसने शहर का नाम मायानगरी मुंबई में रोशन कर दिया।

 

निर्देशक डी.पी. सिंह (देव) को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान मुरादाबाद के लिए किसी उपलब्धि से कम नहीं है। स्थानीय प्रतिभा का राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित होना यह साबित करता है कि मुरादाबाद की मिट्टी में कला और हुनर की कोई कमी नहीं। इस सफलता से शहरवासियों में खुशी की लहर है और हर कोई इसे मुरादाबाद के लिए गौरवपूर्ण क्षण मान रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *