मुरादाबाद में भाजपा विधायक के बेटे पर डॉक्टर से मारपीट का आरोप, होटल में बुलाकर मारपीट का आरोप

 

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सत्ता पक्ष के एक विधायक के बेटे पर डॉक्टर के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। यह घटना पाकबड़ा थाना क्षेत्र के एक निजी होटल और हाईवे पर घटित बताई जा रही है। कुंदरकी से भाजपा विधायक ठाकुर रामवीर सिंह के बेटे विक्की और उनके साथियों पर डॉक्टर लक्ष्मण ने मारपीट कर जान से मारने का आरोप लगाया है।

दरअसल मामला पाकबड़ा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है जहां पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। पूरा मामला समाथल रोड स्थित आयुष्मान अस्पताल की सील खुलवाने से जुड़ा बताया जा रहा है। पीड़ित डॉक्टर लक्ष्मण का कहना है कि कुछ समय पहले स्वास्थ्य विभाग ने उनके अस्पताल को सील कर दिया था। इसी बीच विधायक के बेटे विक्की ने उन्हें फोन कर पाकबड़ा थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित अतिथि होटल में बुलाया। पीड़ित का कहना है कि उन्हें ये कहा गया कि होटल में स्वास्थ्य विभाग के एक बड़े अधिकारी मौजूद हैं, जो उनके अस्पताल की सील खुलवाने में मदद कर सकते हैं। डॉक्टर का आरोप है कि जब वह होटल पहुंचे तो वहां कोई अधिकारी नहीं था, बल्कि विधायक का बेटा विक्की और उसके कुछ साथी मौजूद थे। जिन्होंने देखते ही पीड़ित डॉक्टर के साथ गाली-गलौज की गई और फिर मारपीट शुरू कर दी गई। इस हमले में डॉक्टर लक्ष्मण घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मुरादाबाद के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं दूसरी ओर विधायक के बेटे विक्की ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उनका कहना है कि न तो उन्होंने किसी को होटल में बुलाया और न ही किसी प्रकार की मारपीट की घटना हुई है। उनके अनुसार यह उनके और उनके परिवार की छवि को खराब करने की साजिश है।
फिलहाल मुरादाबाद पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना की सच्चाई सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *