निगम की पहल :: बड़े मंगलवार को किया गया भण्डारे का आयोजन

मुरादाबाद। बड़ा मंगल के पावन अवसर पर मंगलवार को नगर निगम मुरादाबाद द्वारा विकसित श्री हनुमान वाटिका, बुद्धि विहार फेस-2 में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया तथा भगवान श्रीराम और हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम में महापौर विनोद अग्रवाल एवं नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल विशेष रूप से मौजूद रहे। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भोजन, पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी। सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस भंडारे में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

भंडारे के अवसर पर नगर निगम द्वारा लगाए गए स्वागत बैनरों में प्रभु श्रीराम और हनुमान जी के चित्रों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र  मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चित्र भी लगाए गए थे। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक माहौल और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल एवं नगर निगम अधिकारियों की देखरेख में पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया।

आयोजन के दौरान साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। भंडारे में पहुंचे लोगों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में भाईचारे, सद्भाव और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह, उपनगर आयुक्त रामपाल, प्रिया अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *