ईद पर्व पर पानी, सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, नगर निगम पूरी तरह मुस्तैद

मुरादाबाद :: नगर निगम ने आगामी ईद-उल-जुहा पर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर आयुक्त दिव्यांश पटेल ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री एवं शासन की गाइडलाइंस का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है। पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पूरे नगर निगम क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टर्स में विभाजित कर विशेष टीमें तैनात की गई हैं।

नगर निगम की ओर से सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं, ताकि किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई हो सके। नगर आयुक्त ने कहा कि सड़कों, गलियों और नालियों में जानवरों के अवशेष नहीं बिखरने दिए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम की गाड़ियां लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर अवशेषों का उठान करेंगी। हर थाने और चौकी के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा।

पर्व के दौरान पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए विभिन्न इलाकों में पानी के टैंकरों की व्यवस्था की गई है। वहीं नमाज स्थलों के आसपास छुट्टा पशु न पहुंच सकें, इसके लिए बांस-बल्ली लगाकर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से स्थानीय स्तर पर पीस कमेटी की बैठकें भी पूरी कर ली गई हैं। नगर आयुक्त दिव्यांश पटेल ने बताया कि शासन के निर्देश पर करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से 10 टन क्षमता का आधुनिक काराकस प्लांट बनाया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से नगर निगम ने यह सुनिश्चित किया है कि शहर में कहीं भी अवशेष खुले में न दिखाई दें और इस वर्ष भी उसी व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *