मुरादाबाद में चल रही सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत बन रही सड़कों का निरीक्षण करने के लिए नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल लाइनपार क्षेत्र पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नगर निगम की टीम और कार्यदायी कंपनी के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी कंपनी के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि काम की गुणवत्ता और समय सीमा दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने बताया कि लापरवाही के चलते पहले भी कंपनी पर जुर्माना लगाया जा चुका है। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने कहा कि इस परियोजना की प्रगति को लेकर नगर निगम और कंपनी के अधिकारियों की बैठक मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर के साथ कराई जाएगी, ताकि कार्य में आ रही बाधाओं को दूर किया जा सके और तय समय सीमा में काम पूरा हो सके।
गौरतलब है कि लाइनपार क्षेत्र में सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। नगर आयुक्त ने बताया कि कम्पनी के अधिकारियों के द्वारा 31 मई तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरा करने का भरोसा दिया है। इससे क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
