मुरादाबाद :: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के द्वारा आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के दिए निर्देशों के बाद मुरादाबाद की पुलिस अलर्ट है। मुरादाबाद मे पुलिस ने गुरुवार को फोर्स के साथ शहर में फ्लैग मार्च किया। अलविदा जुम्मा की नमाज से पहले गुरुवार की शाम अधिकारी सड़क पर उतरे और शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील की। रमजान के अंतिम जुमा यानी जुमा अलविदा की नमाज को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए मुरादाबाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। गुरुवार को शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस द्वारा भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ फ्लैग मार्च किया गया, ताकि कानून व्यवस्था बरकार रहे और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम हो।
मुरादाबाद की जामा मस्जिद चौराहे पर थाना मुगलपुरा क्षेत्र में पुलिस प्रशासन द्वारा स्थानीय गणमान्य लोगों और समाज के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में जुमा अलविदा की नमाज के दौरान शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। बैठक के बाद पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी। शहर के प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। साथ ही नमाज के समय किसी प्रकार की अव्यवस्था या ट्रैफिक जाम की स्थिति से बचने के लिए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जुमा अलविदा की नमाज को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन के सहयोग से मजिस्ट्रेट और भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया गया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर जामा मस्जिद, थाना गलशहीद और डबल फाटक क्षेत्र से ट्रैफिक का रूट डायवर्जन किया गया है, ताकि नमाज के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
