संभल में आने वाले अलविदा जुमे और ईद के त्योहार को लेकर कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों पुलिस अधिकारियों और शहर के गणमान्य लोगों ने भाग लिया. इस दौरान त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए. वहीं पीस कमेटी की बैठक में सीओ कुलदीप ने चेतावनी देते हुए कहा कि कुछ लोग ईरान के लिए कुछ छाती पीट रहे हैं कि ईरान को मार डाला, अगर इतना कुछ है तो चले जाओ ईरान. अगर उस झगड़े का हमारे देश में कानून व्यवस्था पर असर होगा तो हम बढ़िया वाला इलाज करेंगे.
अलविदा जुमे और ईद के मद्देनज़र कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी और शहर के गणमान्य लोग शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना था ताकि शहर में कानून-व्यवस्था बनी रहे। बैठक के दौरान सीओ असमोली कुलदीप सिंह ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि कुछ लोग अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर भावनात्मक प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति Iran या Israel के समर्थन में नारेबाजी या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर इस तरह की गतिविधियों से स्थानीय कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है तो प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा। सीओ ने सोशल मीडिया पर रील बनाने और उकसाने वाली गतिविधियों को लेकर भी चेतावनी दी।
उनका कहना था कि त्योहार के दौरान कोई भी व्यक्ति ऐसा काम न करे जिससे शहर का माहौल खराब हो। प्रशासन सभी समुदायों के साथ मिलकर त्योहार शांतिपूर्वक मनाने के लिए तैयार है, लेकिन किसी एक व्यक्ति द्वारा व्यवस्था बिगाड़ने को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने नमाज को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। कहा गया कि नमाज केवल मस्जिद के अंदर ही अदा की जाएगी और किसी भी स्थिति में सड़क या सार्वजनिक स्थान पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी मस्जिद में भीड़ अधिक हो जाती है तो वहां एक ही स्थान पर दो बार नमाज पढ़ी जा सकती है। बैठक के अंत में शहर के लोगों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे सभी नियमों का पालन करेंगे और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाकर शहर में शांति और अमन बनाए रखेंगे।
