अंकित चौहान :: संवाददाता
मुरादाबाद :: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के बिलारी बस स्टैंड पर एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक अपनी नई-नवेली दुल्हन के साथ सफर कर रहा था, लेकिन कुछ ही मिनटों में उसकी पत्नी अचानक लापता हो गई। युवक को आशंका है कि उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ भाग गई है। फिलहाल पुलिस ने मामले में गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवक पीतम सिंह अमरोहा जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के ओसामाफी गांव का रहने वाला है। उसकी शादी 1 दिसंबर 2025 को रामपुर जिले की रहने वाली रिमझिम के साथ हुई थी। शादी के बाद हाल ही में होली का त्योहार मनाने के लिए रिमझिम करीब एक सप्ताह पहले अपने मायके चली गई थी।
बताया जा रहा है कि जब पीतम सिंह अपनी पत्नी को लेकर वापस घर लौट रहा था, तभी बस बिलारी बस स्टैंड पर रुकी। इसी दौरान रिमझिम ने अपने पति से पकौड़े खाने की इच्छा जताई और उसे पकौड़े लाने के लिए नीचे भेज दिया। पत्नी की फरमाइश पर पीतम सिंह बस से उतरकर पास की दुकान से पकौड़े लेने चला गया।
कुछ ही देर बाद जब वह पकौड़े लेकर वापस बस में लौटा तो उसकी सीट खाली थी और उसकी पत्नी वहां नहीं थी। उसने आसपास काफी तलाश की, लेकिन रिमझिम का कहीं पता नहीं चला। काफी खोजबीन के बाद पीतम सिंह ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी पहले से किसी युवक के संपर्क में थी और संभव है कि वही उसे अपने साथ लेकर चला गया हो। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ अन्य सुराग भी जुटाए जा रहे।
