मुरादाबाद :: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद में पीली कोठी स्थित महापौर कैंप कार्यालय पर नगर निगम मुरादाबाद के अंतर्गत शासन द्वारा नव नियुक्त पार्षदों ने पहुंचकर महापौर से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर कार्यालय परिसर में आत्मीय और सौहार्दपूर्ण वातावरण देखने को मिला, जहां जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी समन्वय और सहयोग की भावना स्पष्ट रूप से नजर आई।

महापौर विनोद अग्रवाल ने सभी पार्षदों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें मिठाई खिलाई और उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, पार्षदगणों ने भी पुष्पगुच्छ भेंट कर महापौर का अभिनंदन किया और उनके नेतृत्व में शहर के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। इस दौरान महानगर के समग्र विकास, स्वच्छता व्यवस्था, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर ने पार्षदों से अपेक्षा की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर शहर को एक आदर्श नगर बनाने में योगदान दें।

इस अवसर पर सभी पार्षदों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। साथ ही, उनके उज्ज्वल, सफल और जनहितकारी कार्यकाल के लिए अनंत कोटि शुभकामनाएं भी दी गईं। यह मुलाकात आने वाले समय में नगर निगम के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखी जा रही है। इस दौरान कमल गुलाटी, हेमा खत्री, ज्योति बंसल, दीपक यादव, हरीश प्रजापति, विकल वाल्मीकि, शेखर शर्मा,सुदेश शुक्ला के साथ अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
