मुरादाबाद :: मंडलायुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट मुरादाबाद का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी अनुज सिंह के साथ विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर शासकीय कार्यों की प्रगति और अभिलेखों के रखरखाव की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने स्थानीय निकाय, जन सूचना, परिवाद, राजस्व अभिलेखागार, जिला भूलेख कार्यालय, नगर भूमि सीमारोपण, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी कार्यालय और शस्त्र अनुभाग समेत कई महत्वपूर्ण विभागों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। मंडलायुक्त ने फार्मर रजिस्ट्री के प्रचार-प्रसार के लिए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने धारा-145 के अंतर्गत लंबित वादों पर नाराजगी जताते हुए उपजिलाधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
एआईजी स्टाम्प कार्यालय में तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित छह मामलों पर भी उन्होंने असंतोष व्यक्त किया और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। वहीं, उपजिलाधिकारी कार्यालयों में 10,521 लंबित पत्रावलियों को तत्काल दाखिल दफ्तर करने के निर्देश तहसीलदारों को दिए गए।

मंडलायुक्त ने खतौनियों में त्रुटियों को लेकर लेखपालों पर सख्ती बरतने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। पूर्व पट्टा आवंटन में बकाया धनराशि जमा किए बिना पुनः आवंटन किए जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जाति और आय प्रमाण पत्र निर्धारित समय सीमा में जारी किए जाएं तथा कृषक दुर्घटना बीमा के मामलों का निस्तारण लंबित न रखा जाए। साथ ही अधिकारियों को जनता के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने की हिदायत दी।
बैठक में अपर आयुक्त अरुण कुमार सिंह, डिप्टी कमिश्नर गजेन्द्र प्रताप सिंह, एडीएम प्रशासन संगीता गौतम, एडीएम वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय, एडीएम नगर ज्योति सिंह सहित सभी उपजिलाधिकारी और तहसीलदार मौजूद रहे।

