यूपी पीसीएस में अंबेडकर नगर और मुरादाबाद के अभ्यर्थियों का शानदार प्रदर्शन

लखनऊ :: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की पीसीएस परीक्षा में इस बार अंबेडकर नगर और मुरादाबाद के अभ्यर्थियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। अंबेडकर नगर जिले से कुल 12 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
इन सफल अभ्यर्थियों में पूजा तिवारी का नाम विशेष रूप से चर्चा में है, जिन्होंने अपने पहले ही प्रयास में 7वीं रैंक हासिल कर टॉप-10 में जगह बनाई। पूजा तिवारी अंबेडकर नगर के टांडा तहसील क्षेत्र के ग्राम तेंदुआ कला की निवासी हैं। वर्तमान में वह गोरखपुर विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रही हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा लखनऊ से हुई और उनका परिवार वहीं निवास करता है। उनके पिता वन विभाग में दरोगा के पद पर कार्यरत हैं। पूजा की इस उपलब्धि से उनके गांव में जश्न का माहौल है।

अंबेडकर नगर से चयनित अन्य अभ्यर्थियों में सृष्टि चौधरी, सर्वेश वर्मा, अविरल वर्मा, विमलेश यादव, अभिषेक वर्मा, विपिन देव यादव, मयंक मौर्य, हर्ष सिंह, अभिनंदन सिंह, विष्णु कांत मिश्र और प्रिंस पटेल शामिल हैं। खास बात यह है कि विपिन देव यादव का चयन हाल ही में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) में भी हुआ है, जो जिले के लिए गर्व की बात है।

वहीं, मुरादाबाद की बेटी दीक्षा अग्रवाल ने भी 15वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन डिप्टी कलेक्टर (SDM) पद के लिए हुआ है। दीक्षा ने बिना किसी कोचिंग के केवल सेल्फ स्टडी के दम पर यह सफलता हासिल की। उनके पिता एक दुकान चलाते हैं जबकि उनकी मां शिक्षिका हैं।
सभी सफल अभ्यर्थियों को जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *