मुरादाबाद :: जनपद के छजलैट स्थित जूनियर हाई स्कूल में सोमवार को एक भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जहां 27 वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित सेवाएं देने वाली शिक्षिका अनीता गुप्ता को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इस अवसर पर विद्यालय का माहौल भावनाओं से सराबोर हो गया और छात्र-छात्राएं अपनी प्रिय शिक्षिका को विदा करते समय भावुक नजर आए।

अपने संबोधन में अनीता गुप्ता ने कहा कि उनके जीवन का मुख्य उद्देश्य छात्रों के मस्तिष्क में “राष्ट्र प्रथम” का भाव जगाना रहा है। उन्होंने अपने शिक्षण काल में संस्कृत और हिंदी विषय को नवाचारी और आधुनिक तरीकों से पढ़ाते हुए छात्रों के जीवन में शिक्षा के प्रति उत्साह जगाने का प्रयास किया। योग और गायन के माध्यम से भी उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया।
विदाई समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने गीत, कविताओं और भावपूर्ण अभिव्यक्तियों के जरिए अपनी प्रिय शिक्षिका के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया। कई छात्र-छात्राएं गेट तक आकर रो पड़े और अपनी शिक्षिका से रुकने की मनुहार करते नजर आए।
प्रधानाध्यापिका बीना भंडारी ने अनीता गुप्ता को एक कुशल, अनुशासित और समर्पित शिक्षिका बताते हुए कहा कि उनका शिक्षण जीवन सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। वहीं, सहकर्मी शिक्षिकाओं अलका श्रीवास्तव और रितु बाला ने उनके शिक्षण शैली को अनुकरणीय बताया। शिक्षक दीपक कुमार ने कहा कि ऐसे समर्पित शिक्षक बहुत कम देखने को मिलते हैं।
कार्यक्रम का संचालन वर्तिका चौधरी ने किया, जिन्होंने अनीता गुप्ता के जीवन से जुड़े कई प्रेरक संस्मरण साझा किए। इस दौरान अभिभावकों ने भी अपने विचार रखे और शिक्षिका के योगदान की सराहना की।
समारोह के अंत में जब अनीता गुप्ता ने अपने मधुर स्वर में विदाई गीत प्रस्तुत किया, तो उपस्थित सभी लोगों की आंखें नम हो गईं। कार्यक्रम में महेश गुप्ता, मयूर, नमन, आरोही, मोनिका, मायरा और आरवी सहित कई छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
