मुरादाबाद :: थाना सोनकपुर पुलिस द्वारा स्कूली बच्चों को साइबर सुरक्षा एवं महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं को आधुनिक समय में बढ़ते साइबर अपराधों और उनसे बचाव के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में बच्चों को बताया गया कि सोशल मीडिया का उपयोग करते समय अपनी निजी जानकारी जैसे मोबाइल नंबर, पासवर्ड, बैंक डिटेल्स आदि किसी के साथ साझा न करें। अजनबी लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना अभिभावकों या पुलिस को दें। साथ ही ऑनलाइन गेम्स और फर्जी कॉल के माध्यम से होने वाले धोखाधड़ी के मामलों से भी सतर्क रहने की सलाह दी गई।
महिला सुरक्षा के तहत छात्राओं को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत 1090, 112 जैसे हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने और गलत के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने सवाल पूछे, जिनका पुलिस टीम ने सरल भाषा में जवाब दिया। इस पहल को विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सराहा और इसे बेहद उपयोगी बताया। इस दौरान एसएसआई केपी सिंह, पूजा, राखी, आशा के साथ अन्य लोग भी उपस्थित रहे।
