नगर निगम की सख्ती, एक दिन में 3 करोड़ वसूली और 13 संपत्तियां सील

मुरादाबाद ::  नगर निगम ने चालू वित्तीय वर्ष में हाउस टैक्स, वाटर टैक्स समेत अन्य मदों में वसूली का नया रिकॉर्ड कायम किया है। निगम की कुल राजस्व वसूली 146 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है, जबकि वित्तीय वर्ष समाप्त होने में अभी एक दिन बाकी है।
सोमवार को नगर निगम ने वसूली अभियान में तेजी दिखाते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में तीन करोड़ दो लाख रुपये का टैक्स वसूला। इसके साथ ही बकाया न चुकाने पर 13 संपत्तियों को सील करने की कार्रवाई भी की गई।

नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल के निर्देशन में इस वर्ष कर वसूली पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अधिकतम वसूली का लक्ष्य दिया है। वित्तीय वर्ष के अंतिम सप्ताह में निगम की टीमें लगातार बकाएदारों को चिन्हित कर उनसे टैक्स वसूल रही हैं।

अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह के अनुसार, सोमवार को धीमरी, हरथला, लाइनपार के प्रेम नगर, लाजपत नगर, फीलखाना, सराय शेख महमूद और करुला के रहमत नगर समेत कई इलाकों में सीलिंग की कार्रवाई की गई। इस दौरान मुख्य कर निर्धारण अधिकारी आरती सिंह, केएनए प्रमोद कुमार, टीएस मंगल सिंह पापड़ा, प्रदीप कुमार चौधरी, राजस्व निरीक्षक शुभम चौहान और उमेश तोमर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

नगर आयुक्त ने बताया कि रविवार तक निगम 146 करोड़ रुपये की वसूली कर चुका था, जबकि सोमवार को तीन करोड़ दो लाख रुपये की अतिरिक्त वसूली हुई। मंगलवार को भी बकाएदारों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *