भाजपा विधायक रितेश गुप्ता के पत्र से मचा हड़कंप, एक तीर से साधे कई निशाने

मुरादाबाद :: भाजपा विधायक रितेश गुप्ता ने मुरादाबाद के कमिश्नर को एक पत्र लिखकर हलचल मचा दी है। पत्र में भू माफियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की गई है तो वहीं सरकारी जमीन को खुद बुर्द करने का भी आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना के तहत प्रस्तावित कंपोजिट विद्यालय की जमीन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। बीजेपी नगर विधायक रितेश गुप्ता द्वारा मंडलायुक्त को लिखे गए पत्र से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। विधायक ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि स्कूल निर्माण के लिए आवंटित सरकारी जमीन को भूमाफियाओं द्वारा खुर्द-बुर्द किया जा रहा है।

पत्र में विशेष समुदाय से जुड़े कुछ भूमाफियाओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया है कि उन्होंने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर लिया है, जिससे शिक्षा परियोजना प्रभावित हो रही है। विधायक ने यह भी आशंका जताई है कि इस पूरे मामले में कुछ सरकारी अधिकारियों की मिलीभगत हो सकती है, जिसके चलते अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी।

रितेश गुप्ता ने मंडलायुक्त से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए गठित कमेटी जल्द अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे। साथ ही, दोषी भूमाफियाओं और संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच सके।

यह मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक तंत्र की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि जांच रिपोर्ट के बाद इस प्रकरण में क्या कदम उठाए जाते हैं और क्या वाकई दोषियों पर कार्रवाई होती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *