मुरादाबाद :: जिला विकास की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण दिशा (जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति) की बैठक मंगलवार को सर्किट हाउस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा ने की। इस दौरान जिलाधिकारी अनुज सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जनपद में कराए गए विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने सभी विभागों से प्रगति रिपोर्ट मांगी और विधानसभा वार विकास कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन योजनाओं में देरी हो रही है, उनमें तेजी लाई जाए और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि विकास परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही बैठक में वर्ष 2026 के लिए प्रस्तावित विकास योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की आगामी परियोजनाओं की जानकारी दी।
सांसद ने निर्देश दिया कि योजनाओं का चयन इस प्रकार किया जाए जिससे जिले का संतुलित विकास सुनिश्चित हो और आम जनता को सीधा लाभ मिले। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में सांसद रुचि वीरा ने जनपद में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि गुलदार, बंदर और आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे जन सुरक्षा प्रभावित हो रही है। इस पर रोक लगाने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरे लगाने और जानवरों को पकड़ने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में सोलर लाइट लगाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है, जिससे रात के समय होने वाली घटनाओं में कमी लाई जा सके। बैठक में एमएलसी डॉ. जयपाल व्यस्त सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। सांसद ने आश्वासन दिया कि मुरादाबाद के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
