दिल्ली ब्यूरो ::
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए जनजीवन को प्रभावित कर दिया। तेज आंधी, बारिश और तूफान के चलते कई जिलों में हालात बिगड़ गए। मुरादाबाद में भी इस भीषण आंधी-तूफान का असर साफ देखने को मिला, जहां शहर के मानसरोवर शास्त्री नगर कॉलोनी में भारी नुकसान हुआ।
मंगलवार को अचानक तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलनी शुरू हो गई, जिसके बाद बारिश ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। तेज हवाओं के कारण कॉलोनी में कई बड़े और पुराने पेड़ जड़ से उखड़कर सड़कों और घरों के पास गिर गए। पेड़ों के गिरने से आवागमन बाधित हो गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान सड़कों के किनारे खड़ी कई कारें और बैटरी रिक्शा पेड़ों के नीचे दब गए, जिससे उन्हें भारी क्षति पहुंची। स्थानीय लोगों के अनुसार, तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में हालात बिगड़ गए और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन संपत्ति का काफी नुकसान हुआ है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
