मुरादाबाद: काली माता मंदिर विवाद में बड़ा फैसला, जूना अखाड़े ने काली मन्दिर के दोनों महंतों को हटाया

मुरादाबाद :: सिद्ध पीठ काली माता मंदिर की गद्दी को लेकर चल रहे विवाद के बीच जूना अखाड़े ने बड़ा निर्णय लेते हुए महंत सज्जन गिरी और राम गिरी को पद से हटा दिया है। अखाड़े की ओर से जल्द ही मंदिर के लिए नए महंत की नियुक्ति की जाएगी, जिसकी प्रक्रिया अगले 2-3 दिनों में पूरी होने की संभावना है।

 

बुधवार दोपहर करीब 2 बजे जूना अखाड़े के प्रवक्ता नारायण गिरी महाराज, मंत्री कंचन गिरी महाराज और पदाधिकारी देवेंद्र पुरी महाराज कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने जिलाधिकारी अनुज सिंह से मुलाकात की। इस दौरान मंदिर से जुड़े विवाद और अखाड़े के निर्णय की जानकारी प्रशासन को दी गई।

मुलाकात के बाद नारायण गिरी महाराज ने बताया कि काली माता मंदिर के महंतों के व्यवहार को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। चूंकि यह पीठ जूना अखाड़े के अधीन आती है, इसलिए मामले की जांच के लिए अखाड़े की ओर से एक विशेष दल गठित किया गया था। जांच के दौरान सार्वजनिक पक्ष और महंतों दोनों की बात सुनी गई। उन्होंने कहा कि विवाद को समाप्त करने और मंदिर की व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए महंत सज्जन गिरी और राम गिरी, दोनों को हटाने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले की मौखिक जानकारी जिला प्रशासन को दे दी गई है और अगले 3-4 दिनों में लिखित रूप से भी अवगत कराया जाएगा।

पुलिस प्रशासन के अनुसार, पूरे घटनाक्रम के दौरान स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और किसी प्रकार का कोई विवाद या तनाव सामने नहीं आया। जूना अखाड़े के प्रवक्ता ने यह भी बताया कि हटाए गए दोनों महंतों को प्रयागराज के किसी अन्य मठ में नई जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। वहीं, काली माता मंदिर में नए महंत की नियुक्ति जल्द कर दी जाएगी, जिससे मंदिर की व्यवस्थाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *