नगर निगम की पहल: बाबा साहेब जयंती पर मुरादाबाद में होगा साउंड एंड लाइट शो

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों पर मुरादाबाद नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल करते हुए संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को भव्य रूप में मनाने की तैयारी की है। इस अवसर पर शहर में पहली बार विशेष साउंड एंड लाइट शो का आयोजन किया जाएगा, जो आमजन खासकर युवा पीढ़ी को संविधान के मूल्यों से जोड़ने का काम करेगा।

नगर निगम द्वारा यह कार्यक्रम संविधान साहित्य वाटिका में निर्मित “प्रस्तावना पुस्तक” स्थल पर आयोजित किया जाएगा। इस भव्य साउंड एंड लाइट शो का शुभारंभ 13 अप्रैल की शाम 7 बजे, जयंती की पूर्व संध्या पर किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से बाबा साहेब के जीवन, उनके संघर्ष और भारतीय संविधान के निर्माण में उनके योगदान को आधुनिक तकनीक के जरिए आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।


नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बताया कि यह पहल नई पीढ़ी को संविधान की मूल भावना, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का एक सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य सिर्फ एक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और प्रेरणा का संदेश देना है। नगर निगम इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रहा है। यह कार्यक्रम न केवल शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र होगा, बल्कि सामाजिक और शैक्षिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।

मुरादाबाद के महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम द्वारा बाबा साहेब की जयंती को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए यह विशेष आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि साउंड एंड लाइट शो के जरिए लोगों को संविधान की प्रस्तावना और उसके महत्व से अवगत कराया जाएगा, जिससे समाज में जागरूकता बढ़ेगी। महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दें और संविधान के मूल्यों को आत्मसात करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *