मुरादाबाद में आजम खान की मुंहबोली बेटी की हुई एंट्री, सपा की गरमाई सियासत 

अंकित चौहान  ::

मुरादाबाद में डॉ. भीमराव आंबेडकरजयंती के कार्यक्रम में लाओ लश्कर के साथ पहुंची सपा के कद्दावर नेता आजम खान की मुंहबोली बेटी एकता कौशिक की एंट्री ने महानगर की सियासत को गरमा दिया है। मुरादाबाद पहुंची एकता कौशिक ने आंबेडकर जयंती के कार्यक्रमों में भाग लिया। एकता कौशिक की इस एंट्री को आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। जिले की सियासत में एंट्री का संदेश पहले की एकता कौशिक सोशल मीडिया के माध्यम से दे चुकीं थी। मंगलवार को जैसे ही वो मुरादाबाद पहुंची तो सियासी हलचल तेज हो गई।

मंगलवार को जिस तरह आंबेडकर जयंती के मौके पर एकता कौशिक शहर पहुंचीं और स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल हुईं, उसने साफ कर दिया कि उनकी मौजूदगी अब नियमित रहने वाली है। चर्चा है कि वह मुरादाबाद नगर सीट से सियासी पारी शुरू करने की तैयारी में हैं। सूत्रों का कहना है कि वो यहां लगातार अपनी उपस्थिति दर्ज कराना चाहती हैं। उन्होंने शहर के अधिक से अधिक कार्यक्रमों में शामिल कराये जाने की इच्छा जताई है, ताकि वो स्थानीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर सकें। एकता कौशिक को आजम खां की मुंहबोली बेटी के रूप में जाना जाता है और यह रिश्ता उनकी सबसे बड़ी सियासी ताकत माना जा रहा है।

पिछले साल आजम खां पर आयकर विभाग की कार्रवाई के दौरान उनके गाजियाबाद स्थित घर पर भी छापेमारी हुई थी, तब आजम खां ने खुलकर कहा था कि क्या ये गुनाह है कि वो मेरी बेटी है।
इस बयान ने दोनों के रिश्ते को सार्वजनिक रूप से मजबूत किया और राजनीतिक पहचान भी दी थी। अब मुरादाबाद में उनकी सक्रियता को उनके सियासी करियर की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। कुल मिलाकर, आंबेडकर जयंती के मंच से लेकर इंटरनेट मीडिया पोस्ट तक, एकता कौशिक के हर कदम को अब सियासी नजरिए से देखा जा रहा है।

 

मुरादाबाद की सियासत में यह नई हलचल आने वाले समय में किस दिशा में जाएगी, यह तो वक्त बताएगा, लेकिन इतना तय है कि 2027 के चुनाव से पहले यहां नई बिसात बिछनी शुरू हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *