मुरादाबाद में प्रदर्शन के दौरान बड़ा हादसा टला, महिला नेता के दुपट्टे में लगी आग

लखनऊ ::

मुरादाबाद के कोतवाली क्षेत्र स्थित इंपीरियल चौराहे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महिला आरक्षण बिल के विरोध में हो रहे प्रदर्शन के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। अखिल भारतीय हिंदू परिषद के कार्यकर्ता विपक्ष का पुतला फूंककर अपना विरोध जता रहे थे। इसी दौरान अचानक आग की लपटें तेज हो गईं और मौके पर मौजूद महिला प्रदेश अध्यक्ष रीता पाल के दुपट्टे में आग लग गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए हालात को संभाल लिया। पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए जलते हुए दुपट्टे को रीता पाल से अलग किया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

उनकी तत्परता के चलते किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई और स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई। इस घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे अचानक आग भड़कती है और पुलिसकर्मी तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला नेता को सुरक्षित करते हैं।
प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रमों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आयोजन के दौरान सुरक्षा चूक की भी समीक्षा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *