मुरादाबाद : भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी20 फाइनल मुकाबले को लेकर उत्साह चरम पर है। इस मैच से पहले भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के कोच बदरुद्दीन ने टीम इंडिया की जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में खेलती आ रही है, उसे देखकर लगता है कि भारत की जीत लगभग तय है।
बदरुद्दीन ने कहा कि टीम इंडिया की गेंदबाजी, बल्लेबाजी और खासतौर पर फील्डिंग इस समय शानदार फॉर्म में है। खिलाड़ियों ने कई मुश्किल कैच पकड़े हैं और बेहतरीन फील्डिंग की बदौलत ही भारत ने कई मुकाबले अपने नाम किए हैं। उन्होंने कहा कि कई मैचों में विपक्षी टीम 250 रन के आसपास के लक्ष्य का पीछा कर रही थी, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों की जबरदस्त फील्डिंग ने मैच का रुख बदल दिया।
उन्होंने भारतीय बल्लेबाजों की भी तारीफ करते हुए कहा कि संजू इस समय शानदार फॉर्म में हैं और फाइनल में भी उनसे अच्छी पारी की उम्मीद है। वहीं हार्दिक पांड्या सहित अन्य खिलाड़ी भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे टीम काफी संतुलित नजर आ रही है।
बदरुद्दीन ने रणनीति को लेकर कहा कि टॉस जीतने वाली टीम को पहले गेंदबाजी करनी चाहिए और विपक्षी टीम को कम स्कोर पर रोकने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि फाइनल मुकाबले में दबाव जरूर होता है, लेकिन अगर भारत पहले बल्लेबाजी करता है तो टीम 220 से 230 रन तक का बड़ा स्कोर बना सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि दूसरी पारी में ओस आने से गेंदबाजों को दिक्कत होती है, इसलिए मैच की रणनीति टॉस पर भी काफी हद तक निर्भर करेगी।
