उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला के द्वारा चांदी की पाजेब चोरी करते हुए एक घटना सामने आई है, जो दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। बताया जा रहा है कि अंगूर वाली मस्जिद के पास स्थित एक सर्राफा दुकान पर एक महिला और उसके साथ आया युवक पहुंचे। दोनों ने पहले सर्राफ से चांदी की पाजेब दिखाने को कहा। इसी दौरान महिला के साथ आया युवक सर्राफ को बातों में उलझाकर उसका ध्यान भटकाता रहा, जबकि महिला ने मौके का फायदा उठाते हुए चुपके से चांदी की पाजेब उठा ली। सीसीटीवी में कैद हुई इस चोरी का वीडियो तेजी के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि महिला बड़ी चालाकी से पाजेब को अपने पास रख लेती है और फिर सामान्य तरीके से खड़ी रहती है, ताकि किसी को शक न हो। कुछ देर बाद दोनों बिना सामान खरीदे ही वहां से निकल जाते हैं। जब सर्राफ को पाजेब कम होने का शक हुआ तो उसने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी, जिसमें पूरी वारदात सामने आ गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पीड़ित सर्राफ ने मामले की शिकायत पुलिस से करने की बात कही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिला और युवक की पहचान करने में जुट गई है और उनकी तलाश की जा रही है।
