लखनऊ :: उत्तर प्रदेश में सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक प्रश्न को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। प्रश्न में “अवसर के अनुसार अपना पक्ष बदलने वाले व्यक्ति के लिए एक शब्द चुनिए” के विकल्पों में “पंडित” शब्द शामिल किए जाने पर भाजपा विधायक रितेश गुप्ता ने सोशल मीडिया के माध्यम से कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक बताते हुए इसकी घोर निंदा की है।
विधायक रितेश गुप्ता ने कहा कि यह केवल एक शब्द का मामला नहीं है, बल्कि एक विद्वत और सम्मानित समाज की गरिमा से जुड़ा विषय है। उनका कहना है कि इस तरह के शब्दों का प्रयोग किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में करना समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है।
उन्होंने अपने बयान में कहा कि ब्राह्मण समाज ने सदियों से ज्ञान, संस्कृति, सनातन परंपराओं और वैदिक मूल्यों के संरक्षण व संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भारतीय समाज के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आधार को मजबूत बनाए रखने में इस समाज का योगदान अतुलनीय रहा है। ऐसे में परीक्षा के प्रश्न में इस प्रकार के विकल्प का प्रयोग करना उचित नहीं है।
भाजपा विधायक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्रश्न चयन समिति की भूमिका की भी समीक्षा की जानी चाहिए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या गलती पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
रितेश गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में सामाजिक समरसता, आपसी सम्मान और संतुलन बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि कोई व्यक्ति या संस्था समाज में अनावश्यक असंतुलन पैदा करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
