पुलिस भर्ती परीक्षा के सवाल पर मुरादाबाद में ब्राह्मण समाज का प्रदर्शन, कार्यवाही की मांग

 

मुरादाबाद :: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के हिंदी प्रश्नपत्र में पूछे गए एक सवाल को लेकर मुरादाबाद के ब्राह्मण समाज में रोष है। आक्रोशित लोगों ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर नारेबाजी की और विवादित प्रश्न को लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए तहरीर दी।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि परीक्षा के प्रश्नपत्र में अवसरवादी के विकल्प में पंडित शब्द का प्रयोग किया गया है, जो बेहद आपत्तिजनक और निंदनीय है। समाज के लोगों का आरोप है कि इससे ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। ऐसा करने से समाज में जातिगत तनाव पैदा करने की नीयत से यह प्रश्न शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि यह मामला परीक्षा संचालकों और प्रश्नपत्र तैयार करने वालों की संवेदनहीनता को दर्शाता है।

ब्राह्मण समाज के नेताओं ने मुख्यमंत्री से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया तो ब्राह्मण समाज बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगा। प्रदर्शन के दौरान ब्राह्मण नेता रजत शर्मा ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में वैमनस्य फैलाने का काम करती हैं और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *