मुरादाबाद
मुरादाबाद के मुंढापांडे थाना क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। मानकारा मोड़ के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रामपुर की ओर से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा टकराई।

टक्कर के बाद ट्रॉली में भरी ईंटें नेशनल हाईवे पर बिखर गईं, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर मुंढापांडे थाना पुलिस और नेशनल हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल कार चालक को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल, मुरादाबाद भेजा। वहीं, चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक कार सवार सभी लोग उत्तराखंड के हल्द्वानी के रहने वाले बताए जा रहे हैं और दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मानकारा मोड़ के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। सीएचसी मुंढापांडे की डॉक्टर निशा सिंह ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया। वहीं, एनएच पेट्रोलिंग अधिकारी हसन कमाल ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मृतकों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को सूचना दी जा रही है।
घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और घायलों का हाल चाल जाना। इस दौरान एसपी सिटी ने बताया कि घटना में4 लोगों की मौत हुई है जबकि एक घायल है। शवों को मोर्चरी भिजवा दिया गया है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर जताया दुख
मुरादाबाद जनपद के मूंढापांडे क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के समुचित इलाज और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है
