अंकित चौहान, संवाददाता
मुरादाबाद :: ईद की तैयारियों के बीच अचानक शुरू हुई तेज बारिश ने शहर में जलभराव और व्यवस्थाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी। इसी बीच दिव्यांशु पटेल ने हालात का जायजा लेने के लिए बिना देरी किए औचक निरीक्षण का निर्णय लिया और खुद सड़कों पर उतर आए।
भारी बारिश के बावजूद नगर आयुक्त अपनी टीम के साथ सबसे पहले ईदगाह पहुंचे, जहां नमाजियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए साफ-सफाई और जलनिकासी व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने जामा मस्जिद क्षेत्र का दौरा कर सुनिश्चित किया कि कहीं जलभराव न हो और नमाज के दौरान किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने नवरात्रि के मद्देनजर मंदिरों की व्यवस्थाओं पर भी खास ध्यान दिया। शहर के प्रमुख काली मंदिर पहुंचकर उन्होंने वहां आने वाले भक्तों की सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सड़कों पर घूम-घूमकर उन्होंने ड्रेनेज सिस्टम की कार्यप्रणाली भी जांची।

बारिश में भीगते हुए नगर आयुक्त को निरीक्षण करते देख स्थानीय लोग भी हैरान रह गए। आम लोगों के बीच बिना किसी औपचारिकता के काम करते हुए उनकी कार्यशैली की सराहना की जा रही है।
इस दौरान दिव्यांशु पटेल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि “ईद और नवरात्रि जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर हाल में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं ताकि शहरवासियों को कोई असुविधा न हो।”

उनकी इस सक्रियता ने यह साफ कर दिया कि प्रशासन हर परिस्थिति में जनता की सुविधा को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान उनके साथ अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह और नगर निगम के अधिकारी मौजूद थे।
