नगर निगम विज्ञापन समिति में होंगे 3 पार्षद, सदस्यों का हुआ स्वागत

मुरादाबाद :: नगर निगम मुरादाबाद में विज्ञापन समिति के गठन को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके अंतर्गत देहात क्षेत्र से श्रीमती शीतल वाल्मीकि एवं नगर क्षेत्र से श्री राहुल देव वरुण तथा श्री विशाल उर्फ़ गोलू को समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है। नियुक्ति के उपरांत आज उनके प्रथम कार्यालय आगमन पर नगर निगम परिसर में उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान सभी नवमनोनीत सदस्यों को माला पहनाकर अभिनंदन किया गया और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विज्ञापन समिति नगर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शहर में सुव्यवस्थित विज्ञापन व्यवस्था बनाए रखने, अवैध होर्डिंग्स पर नियंत्रण करने तथा नगर की सुंदरता और राजस्व वृद्धि सुनिश्चित करने में समिति का विशेष योगदान होता है।

नवमनोनीत सदस्यों से अपेक्षा जताई गई कि वे अपनी सक्रिय भागीदारी के माध्यम से जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देंगे और नगर के समग्र विकास को नई दिशा प्रदान करेंगे। साथ ही यह भी विश्वास व्यक्त किया गया कि उनकी कार्यशैली से नगर निगम की योजनाओं को गति मिलेगी और जनसेवा के कार्य और अधिक प्रभावी बनेंगे। अंत में सभी सदस्यों को उनके उज्ज्वल कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए बेहतर भविष्य की कामना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *