अंकित चौहान, संवाददाता
लखनऊ :: लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधि मंडल ने निर्यातकों की समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश में ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान मंत्री ने अधिकारियों और लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधि मंडल के साथ एक बैठक भी की। बैठक में प्रदेश के लघु एवं मध्यम उद्योगों से जुड़े प्रमुख मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया और उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल करने पर विचा हुआ।

बैठक के दौरान लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधिमंडल ने उद्योग जगत की विभिन्न समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। प्रमुख रूप से नगर निगम द्वारा लगाए जाने वाले गृह कर/हाउस टैक्स में कमी किए जाने की मांग उठाई गई, जिससे छोटे उद्योगों पर आर्थिक बोझ कम हो सके। इसके साथ ही, इलेक्ट्रिसिटी ड्यूटी को समाप्त करने का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया, ताकि उद्योगों को सस्ती और सुलभ ऊर्जा उपलब्ध हो सके और उत्पादन लागत में कमी आए।

इसके अतिरिक्त, कृषि भूमि को औद्योगिक भूमि में परिवर्तित करने पर लगने वाली इंस्पेक्ट ड्यूटी को 40 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत किए जाने की मांग भी प्रतिनिधिमंडल द्वारा की गई। इस कदम से नए उद्योगों की स्थापना को प्रोत्साहन मिलेगा तथा निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार होगा।

सरकार के मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए शीघ्र एवं सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों के विकास के प्रति प्रतिबद्ध है और इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बैठक में लघु उद्योग भारती के प्रदेश अध्यक्ष रवीन्द्र सिंह तथा प्रदेश महासचिव अमित अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने सहभागिता की और अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
