मुरादाबाद:: विश्व जल दिवस के अवसर पर भारत स्काउट गाइड संस्था, मुरादाबाद द्वारा जल संरक्षण को लेकर एक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पीली कोठी चौराहे पर स्काउट और गाइड्स ने नागरिकों को पंपलेट वितरित कर पानी के महत्व और उसके संरक्षण के प्रति जागरूक किया। प्रातः काल से ही शुरू हुए इस अभियान में विभिन्न विद्यालयों के स्काउट-गाइड्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्था द्वारा नागरिकों को पांच सूत्रीय संदेश दिए गए, जिनमें पानी की बचत, जल का पुनः उपयोग, तालाबों और कुओं की सफाई, अधिक से अधिक पेड़ लगाना तथा वर्षा जल संचयन को अपनाने की अपील की गई। स्काउट गाइड्स ने लोगों को बताया कि जल ही जीवन है और इसे व्यर्थ न गवाकर भविष्य के लिए सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में जिला संगठन कमिश्नर (गाइड) मोनिका, जिला ट्रेनिंग कमिश्नर शुभम सैनी, प्रवीण, मोनू, अमन, काजल, दर्शिका तिवारी, प्रिया राणा और प्राची सहित कई स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं, अभियान को प्रोत्साहित करने के लिए जिला सचिव बबीता मल्होत्रा और डॉ. सुरेंद्र वर्मा भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि हम अभी से जागरूक नहीं हुए, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। इस तरह के अभियान समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ लोगों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
