मुरादाबाद :: तहसील बिलारी के सभागार में जिलाधिकारी अनुज सिंह की अध्यक्षता एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 52 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 07 का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित कराया गया।
जनसुनवाई के दौरान राजस्व, विद्युत, पुलिस, पंचायती राज तथा खाद्य एवं रसद विभाग से जुड़े मामलों पर विशेष रूप से सुनवाई की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने एसडीएम बिलारी को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थी किसानों की शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री कराई जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यह शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, अतः लापरवाही बरतने वाले संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ग्राम मंगूपुरा में दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व टीम को मौके पर जाकर निष्पक्ष समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ मिले और इसके लिए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर एसडीएम श्री विनय सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
