लखनऊ ब्यूरो ::
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात गैंगस्टर आशु चड्ढा उर्फ मोंटी को मुठभेड़ में मार गिराया गया। इस दौरान उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मोंटी चड्ढा पर हत्या, लूट, फिरौती और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों के कुल 36 मुकदमे विभिन्न जिलों जैसे गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर और मुरादाबाद में दर्ज थे। वह कुख्यात उधम सिंह गैंग का सक्रिय शार्प शूटर था और लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।

एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि हाल ही में मोंटी ने मुरादाबाद के एक बड़े व्यापारी से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर उसने फैक्ट्री के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की और व्यापारी को जान से मारने की धमकी दी थी। इस घटना के बाद से पुलिस और एसटीएफ उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

पुख्ता सूचना मिलने पर एसटीएफ मेरठ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। इसी दौरान बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, मोंटी ने बचने के लिए आधुनिक हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई। इसमें मोंटी गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय एक बड़े अपराधी का अंत हो गया है, जिससे व्यापारियों और आम जनता ने राहत की सांस ली है।
