युवा नेता निखिल यादव ने परिवहन मंत्री से बिलारी-आसफपुर बस सेवा बहाल करने की उठाई मांग

मुरादाबाद। बिलारी (जनपद मुरादाबाद) से आसफपुर (जनपद बदायूं) के बीच लंबे समय से बंद पड़ी सीधी बस सेवा को दोबारा शुरू कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। बिलारी के युवा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता निखिल यादव ने उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से शिष्टाचार भेंट कर क्षेत्र की जनता की इस पुरानी मांग को उनके समक्ष रखा।

परिवहन मंत्री ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को इस रूट पर बस सेवा शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। प्रस्तावित बस सेवा बिलारी से आसफपुर तक संचालित की जाएगी, जिससे दोनों जनपदों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

गौरतलब है कि इस मार्ग पर पहले नियमित बस सेवा संचालित होती थी, लेकिन सेवा बंद होने के बाद यात्रियों को बिसौली में बस बदलनी पड़ती थी। इससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त हानि होती थी। खासतौर पर महिलाओं, विद्यार्थियों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस अवसर पर निखिल यादव ने कहा कि यह क्षेत्र की जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि वर्षों से बंद इस बस सेवा को दोबारा शुरू कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल था और परिवहन मंत्री के सकारात्मक रुख से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

क्षेत्रवासियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए जल्द बस सेवा शुरू होने की उम्मीद जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *