तेल बचाने के लिये राजेश रस्तौगी ने महानगर में चलाई निःशुल्क ई- रिक्शा

मुरादाबाद :: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘तेल बचाओ’ आह्वान से प्रेरित होकर श्री रामलीला महासंघ द्वारा मुरादाबाद शहर में निःशुल्क ई-रिक्शा सेवा का शुभारंभ किया गया। यह सेवा प्रतिदिन सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक गंज गुरहट्टी से किला क्षेत्र तक संचालित होगी और सभी राहगीरों, श्रद्धालुओं, बुजुर्गों एवं महिलाओं के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगी।

महासंघ के महामंत्री कुमार देव ने बताया कि यह सेवा महासंघ के संस्थापक अध्यक्ष एवं उनके पिता स्वर्गीय कमलेश कुमार को समर्पित है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय कमलेश कुमार का मानना था कि रामलीला केवल मंचीय आयोजन नहीं बल्कि समाज सेवा का माध्यम है, और उसी सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए यह पहल शुरू की गई है। इस सेवा का उद्देश्य ईंधन की बचत करना, प्रदूषण को कम करना और धार्मिक स्थलों तक आने-जाने वाले लोगों को सुगम व सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर श्री रामलीला महासंघ के अध्यक्ष राजेश रस्तोगी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश से तेल बचाने का आह्वान किया है। हमारा छोटा सा प्रयास है कि यदि एक ई-रिक्शा भी चलेगा तो प्रतिदिन कई लीटर पेट्रोल बचेगा। यह सेवा किसी लाभ के लिए नहीं, बल्कि पूरी तरह सामाजिक सहयोग से चलाई जा रही है। मेरे कप्तान स्वर्गीय कमलेश कुमार जी ने हमें सेवा सिखाई थी, आज हम उसी सपने को पहियों पर उतार रहे हैं। प्रारंभिक चरण में चालक को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि वे बुजुर्गों व महिलाओं को प्राथमिकता दें और किसी भी यात्री से किराया न लें।

उन्होंने बताया कि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इस सेवा का विस्तार किया जाएगा। महासंघ ने नगरवासियों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क सेवा का सदुपयोग करें और ऊर्जा संरक्षण के इस राष्ट्रीय अभियान में सहभागी बनें। इस मौके पर डॉ विवेक गोयल, आलोक राठौर, अरुण कुमार, नरेंद्र सिंह, संजय सोनी, अतुल सोती, समीर रस्तोगी, आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *