मुरादाबाद :: दुबई से भेजी खून-पसीने की कमाई डूबी पति कमाता रहा विदेश में, यहाँ पत्नी बन गई जालसाजों का शिकार। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के 6 प्लॉट सस्ते में दिलाने का दिया लालच। जालसाजों ने महिला को सौंपे फर्जी आवंटन और कब्जा पत्र। मझोला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच।
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के आजाद नगर की रहने वाली यासमीन जहरा के पति जीशान हैदर दुबई में नौकरी करते हैं। पीड़ित महिला को मुख्य आरोपीयों ने खुद को MDA के बड़े अधिकारी का करीबी बताकर झांसे में लिया। 6 आवासीय प्लॉट बेहद सस्ते दामों पर दिलाने के नाम पर महिला से 34.19 लाख रुपये की बड़ी रकम ऐंठ ली गई।महिला को शक न हो, इसके लिए बकायदा फर्जी आवंटन पत्र और कब्जा पत्र भी तैयार करके दे दिए गए। जब महिला ने जमीन पर निर्माण कार्य देखा और दफ्तर जाकर जांच की, तब इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। सरकारी रिकॉर्ड में सभी कागजात पूरी तरह फर्जी पाए गए। वर्तमान में प्राधिकरण की सभी संपत्तियों का आवंटन केवल ऑनलाइन व्यवस्था के तहत ही होता है। किसी भी संपत्ति का ऑफलाइन आवंटन संभव नहीं है।
जनता से अपील है कि किसी भी बिचौलिए या छद्म व्यक्ति के बहकावे में न आएं। किसी भी संपत्ति की जांच आप प्राधिकरण कार्यालय या हमारी आधिकारिक वेबसाइट पर आकर स्वयं कर सकते हैं। यह सीधे तौर पर ठगी का मामला है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है और दोषियों को सजा मिलेगी। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण का कोई भी प्लॉट अब ऑफलाइन नहीं मिलता, पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन है। कोई खुद को अधिकारी का करीबी बताए तो उस पर बिल्कुल विश्वास न करें। पैसे देने से पहले प्राधिकरण के दफ्तर या वेबसाइट से दस्तावेजों को खुद वेरिफाई जरूर कर लें।
