अब यस संरक्षक अवधेश अग्रवाल ने दिया इस्तीफा, निर्यातकों की राजनीति में बढ़ी हलचल

मुरादाबाद। पीतल नगरी के निर्यात जगत में इन दिनों चल रही अंदरूनी खींचतान अब और गहराती नजर आ रही है। निर्यातकों के संगठन यंग इंटरप्रिन्योर सोसायटी (यस) में लंबे समय से जारी विवाद के बीच संगठन के संरक्षक और वरिष्ठ निर्यातक अवधेश अग्रवाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस फैसले के बाद उद्योग जगत में चर्चाओं और अटकलों का दौर तेज हो गया है।
हालांकि अवधेश अग्रवाल ने अपने इस्तीफे की वजह व्यक्तिगत व्यस्तता बताई है। उनका कहना है कि वे इस समय एमएचईए और ईपीसीएच सीओए से जुड़े कार्यों में अत्यधिक व्यस्त हैं, जिसके चलते संगठन के संरक्षक पद की जिम्मेदारियों को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे थे। इसी कारण उन्होंने स्वयं पद छोड़ने का निर्णय लिया। साथ ही उन्होंने संगठन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

दरअसल, पिछले कई दिनों से संगठन के भीतर दो गुटों के बीच विवाद खुलकर सामने आ रहा था। इंटरनेट मीडिया और खासकर व्हाट्सएप ग्रुपों में दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला लगातार जारी था। कई मुद्दों पर मतभेद बढ़ने के कारण संगठन के भीतर तनावपूर्ण माहौल बन गया था। इसी बीच यस से एक धड़ा अलग होकर नया संगठन बनाने में जुट गया। अलग हुए गुट ने निर्यातकों के बीच अपनी सक्रियता भी बढ़ा दी है और लगातार समर्थन जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। बैठकों और संवाद के जरिए नए संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की कवायद जारी है।

जानकारों के मुताबिक पूरे विवाद की शुरुआत ईपीसीएच सदस्यता शुल्क कम किए जाने के मुद्दे से हुई थी। शुल्क कटौती को लेकर निर्यातकों के बीच अलग-अलग राय सामने आईं, जिसके बाद विवाद धीरे-धीरे व्यक्तिगत आरोपों और खुले विरोध तक पहुंच गया।
मुरादाबाद का हस्तशिल्प और पीतल उद्योग देश-विदेश में अपनी अलग पहचान रखता है। ऐसे में निर्यातकों के प्रमुख संगठनों में मची उठापटक को उद्योग जगत गंभीरता से देख रहा है। कई वरिष्ठ निर्यातकों का मानना है कि इस तरह की गुटबाजी उद्योग की एकजुटता और सामूहिक हितों को प्रभावित कर सकती है।
फिलहाल संरक्षक के इस्तीफे के बाद संगठन के भीतर नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है। आने वाले दिनों में दोनों गुटों की रणनीति और सक्रियता पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *